ललितपुर ब्यूरो जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह द्वारा आज दिन सोमवार को जनपद के 04 गेंहू क्रय केन्द्रों में जाखलौन एफएसएस—1 केन्द्र कृषि मण्डी, जाखलौन एफएसएस—2 बरौदा बिजलौन, जाखलौन रोड महेशपुरा, ललितपुर एफएसएस केन्द्र खिरियामिश्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गेंहू क्रय केन्द्रों पर अनेक अनियमिततायें पायीं। किसी भी केन्द्र पर व्यवस्थित रूप में कूपन रजिस्टर नहीं बनाया गया, जिस क्रय केन्द्र पर कूपन रजिस्टर बना भी है, वहां पर मनमाने ढंग से गेंहू खरीदा जा रहा है, तथा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। जाखलौन स्थित दो गेंहू क्रय केन्द्रों (जाखलौन एफएसएस—1 केन्द्र कृषि मण्डी, जाखलौन एफएसएस—2 बरौदा बिजलौन) में 04 अप्रैल से गेंहू खरीदा गया है, किन्तु दोनो केन्द्रों के केन्द्र प्रभारियों द्वारा कूपनों का दुरूपयोग किया जा रहा है, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा शिकायतों के परिपेक्ष्य में दोनों केन्द्र प्रभारियों को तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया गया। जाखलौन स्थित उपरोक्त दोनों केन्द्रों की बोरियों की तौल कराने पर ज्ञात हुआ कि प्रत्येक बोरी में एक से डेढ कि.ग्रा. गेंहू कम पाया गया। इससे स्पष्ट हुआ कि बोरियों से गेंहू निकाला जा रहा है तथा कम गेंहू के साथ बोरियों में सिलाई की जा रही हैं। अत: सुनिश्चित किया जाये कि जो भी मात्रा अनुमन्य हो, उससे कम या अधिक गेंहू बोरियों में नहीं होना चाहिए। जाखलौन रोड महेशपुरा स्थित राज्य कर्मचारी कल्याण निगम के गेंहू क्रय केन्द्र पर भी कोई कूपन रजिस्टर नहीं बनाया गया। केन्द्र प्रभारी ने अपने बयान भी दर्ज कराये। राज्य कर्मचारी कल्याण निगम के केन्द्रों के सम्बंध में बहुतायत में शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। केन्द्र पर जिस कर्मचारी को तैनात किया गया है, उसे कोई भी जानकारी प्राप्त नहीं है। वह कृषकों को भुगतान किये जाने के सम्बंध में भी कोई जानकारी नहीं दे सके। एक कृषक चतुर्भुज से मोबाइल पर बात की गयी, उसने बताया कि उससे बीस रूपये प्रति कुन्तल की दर से पैसा लिया गया है, अत: प्राप्त शिकायतों के आधार पर तथा इस केन्द्र के समीप दो केन्द्र जाखलौन में व एक केन्द्र खिरियामिश्र में स्थापित होने के कारण जाखलौन रोड महेशपुरा स्थित राज्य कर्मचारी कल्याण निगम के गेंहू क्रय केन्द्र को बने रहने का औचित्य उपयुक्त ना समझते हुए जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने केन्द्र को बंद किए जाने की अनुशंसा की। गेहूँ के क्रय केन्द्रों से गेहूँ के उठान की स्थिती खराब देखकर जाखलौन स्थित उपर्युक्त दोनों गेंहू क्रय केन्द्रो से गेहूँ के बोरों का उठान नहीं होने पर तथा खिरियामिश्र में भी गेहूँ के बोरों का उठान नहीं हो पाने के कारण वहां की गेहूँ तौल नहीं हो पाने के चलते गेहूँ क्रय केन्द्रों से गेंहू की उठान के सम्बंध में तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। भुगतान के सम्बंध में केन्द्र प्रभारी कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाये। किसी अवकाश के दिन सभी केन्द्र प्रभारियों को बुलाकर नियमों व निर्देशों के सम्बंध में अवगत कराते हुए प्रभावी रूप से अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिया भुगतान के सम्बंध में प्रत्येक गेंहू क्रय केन्द्र पर कडी नजर रखी जाये। निरीक्षण के दौरान अनेक कृषकों से प्रत्यक्ष एवं मोबाइल पर बात की गयी तो पाया गया कि कूपन रजिस्टर में अंकित क्रमांक से गेंहू की तौल नहीं की जा रही है। अर्थात ‘‘प्रथम आवत प्रथम पावत’’ के सिद्धान्त का पालन नहीं किया जा रहा है। अपितु केन्द्र प्रभारियों द्वारा मनमाने ढंग से तौल की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि उप जिलाधिकारियों व अन्य निरीक्षण अधिकारियों द्वारा निरीक्षण सरसरी तौर पर किया जा रहा है। जिलाधिकारी द्वारा जिन भी गेंहू क्रय केन्द्रों का निरीक्षण किया गया है, उनमें कमियां पायी गयी हैं। तदनुसार कार्यवाही सुनिश्चित की गयी है। अत: जांच गहनता से की जाये ताकि कृषकों का उत्पीडन न हो सके।
रिपोर्ट अमित अग्रवाल

No comments:
Post a Comment
Note: only a member of this blog may post a comment.