ललितपुर ब्यूरो भारत सरकार द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में ग्राम स्वराज अभियान 15 अप्रैल से 05 मई के बीच में चलाया जाना है। इस अभियान की शुरूआत ललितपुर में आज रविवार को झॉसी—ललितपुर सांसद सुश्री उमा भारती मंत्री—पेयजल एवं स्वच्छता, भारत सरकार द्वारा ग्राम मैलवाराखुर्द, तहसील ललितपुर में चौपाल लगाकर की गयी। चौपाल से पूर्व सुश्री उमा भारती ने कल्यानपुरा स्थित गोवंश आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। अपने निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां पर उपस्थित जनसमुदाय को सम्बोधित करते हुए कहा कि ललितपुर जनपद में स्थित कल्यानपुरा गोवंश आश्रय स्थल एक माडल है, जिस पर आगे चलकर पूरे बुन्देलखण्ड और पूरे प्रदेश में अन्ना गोवंश के लिए आश्रय स्थलों का निर्माण किया जायेगा। इस अवसर पर उन्होंने यह घोषणा की कि वह अपनी सांसद निधि से 9 लाख रूपये की धनराशि कल्यानपुरा गोवंश आश्रय स्थल के लिए प्रदान करेंगी। इस अवसर पर श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री मनोहरलाल पंथ (मन्नू कोरी) ने भी अपनी विधायक निधि से 1 लाख रूपये देने की घोषणा की। जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह ने इस अवसर पर सांसद को गोवंश आश्रय स्थल के निर्माण की प्रेरणा, उसकी योजना एवं सम्भावना के बारे में विस्तार से बताया। गोवंश आश्रय के निरीक्षण के उपरान्त सुश्री उमा भारती का काफिला ग्राम मैलवाराखुर्द पहुॅचा, जहां पर उन्होंने चौपाल लगायी। चौपाल के दौरान अधिशासी अभियन्ता विद्युत वितरण ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि ग्राम मैलवाराखुर्द ऊर्जीकृत है और यहां पर 12 से 14 घंटे विद्युत आपूर्ति होती है। केंद्रीय मंत्री ने ग्रामवासियों को प्रेरित किया कि वह साधारण वल्व के स्थान पर एल.ई.डी. वल्व का उपयोग करें। यह वल्व थोडा सा मंहगा जरूर है, इसका जीवनकाल अधिक होने से लम्बे समय में यह सस्ता पडता है। साथ ही इससे विद्युत की खपत भी अत्यन्त कम होती है। जिला अग्रणी बैंक प्रबन्धक एस के. श्रीवास्तव ने सुश्री उमा भारती जी, केंद्रीय मंत्री—पेयजल एवं स्वच्छता, भारत सरकार को बताया कि ग्राम मैलवाराखुर्द में प्रधानमंत्री जन धन बीमा योजना के 71 लाभार्थी, राष्ट्रीय सुरक्षा बीमा के 71 लाभार्थी, जीवन ज्योति बीमा योजना के 71 लाभार्थी तथा अटल पेंशन योजना के 1 लाभार्थियों को लाभ दिया जा रहा है। चौपाल के दौरान केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया गया कि ग्राम में 38 हैण्डपम्प है, जिनमें से एक को छोड$कर सभी क्रियाशील है। ग्राम मैलवाराखुर्द में स्वच्छ भारत मिशन के तहत 142 शौचालय स्वीकृत हैं, जिसमें से 25 का निर्माण कार्य चल रहा है। ग्राम पंचायत मैलवाराखुर्द में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 19 आवास स्वीकृत हैं, जिनमें से 18 आवास पूर्ण हो चुके हैं तथा 01 आवास निर्माणाधीन है। ग्राम पंचायत मैलवाराखुर्द में कुल—255 जाबकार्डधारक हैं, जिन पर वित्तीय वर्ष 2017—18 में 13750 मानव दिवस सृजित किये गये हैं। विभागों की समीक्षा के उपरान्त सुश्री उमा भारती, केंद्रीय मंत्री—पेयजल एवं स्वच्छता, भारत सरकार ने उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह सम्पूर्ण भारत हमारा अपना परिवार है और ईश्वर ने हमें इसकी सेवा करने का अवसर दिया है, उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों से चले आ रहे ढर्रे के कारण अधिकारी कार्य संस्कृति भूल गये थे, परन्तु अधिकारी वही हैं, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा उ.प्र. के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के निर्देशन में लगातार अच्छा कार्य करते जा रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने जिलाधिकारी की कल्यानपुरा गोवंश आश्रय स्थल के निर्माण के लिए भूरि भूरि प्रशंसा की। उन्होने कहा कि जनपद ललितपुर के 05 गांव पिपरिया वंशा, सिमरिया, बरौदिया, खाकरौन तथा मैलवाराखुर्द भारत सरकार द्वारा स्थापित मानकों के अनुसार पिछडे ग्रामों में शामिल है और हमारा यह लक्ष्य है कि 05 मई, 2018 तक हमें इन पांचों गांवों को पिछडे ग्रामों की सूची से बाहर निकाल कर विकसित ग्रामों की सूची में शामिल करना है। हमें यह उम्मीद है कि यह कार्य आप सभी ग्रामवासियों और जनपद के अधिकारियों के मिले जुले प्रयास से हम लक्षित तिथि से पहले ही पूर्ण कर लेंगे। चौपाल में श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री मनोहरलाल पंथ (मन्नू कोरी), सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौबे, भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष रमेश सिंह लोधी, पुलिस अधीक्षक डा. ओ.पी. सिंह, मुख्य विकास अधिकारी प्रवीण कुमार लक्षकार, मुख्य चिकित्साधिकारी प्रताप सिंह सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट अमित अग्रवाल
रिपोर्ट अमित अग्रवाल

No comments:
Post a Comment
Note: only a member of this blog may post a comment.